बरेली में झोलाछापों की खैर नहीं, डॉ. सुचिता ने दी चेतावनी
झोलाछापों पर डॉ. सुचिता गंगवार का सख्त प्रहार: "अब किसी को नहीं मिलेगी राहत, एक-एक फर्जी डॉक्टर पर होगी कार्रवाई
• झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज किया।
• डॉ. सुचिता गंगवार ने अवैध क्लीनिकों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
• आमजन से फर्जी डॉक्टरों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को देने की अपील।
जन माध्यम
बरेली। जिले में बिना डिग्री और बिना वैध अनुमति के इलाज कर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपना लिया है। झोलाछाप डॉक्टरों की नोडल अधिकारी डॉ. सुचिता गंगवार ने साफ चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में अवैध रूप से क्लीनिक चलाकर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले किसी भी झोलाछाप डॉक्टर को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. सुचिता गंगवार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को लगातार झोलाछाप डॉक्टरों की शिकायतें मिल रही हैं। कई लोग बिना किसी मान्यता प्राप्त डिग्री और पंजीकरण के इलाज कर रहे हैं, जो कानूनन अपराध होने के साथ-साथ लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या सिफारिश स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जहां भी अवैध क्लीनिक या फर्जी डॉक्टरों की सूचना मिलेगी, वहां तत्काल छापेमारी कर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
डॉ. सुचिता गंगवार ने आमजन से भी अपील की कि इलाज कराने से पहले डॉक्टर की डिग्री और पंजीकरण की जानकारी अवश्य जांच लें। यदि किसी क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज करने की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर लोगों की जान को जोखिम में डालने वाले ऐसे फर्जी चिकित्सकों पर शिकंजा कसा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की इस सख्ती के बाद जिले में लंबे समय से बेखौफ होकर मरीजों का इलाज करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है। विभाग का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।