हादसे की कार से मिला 22 किलो गांजा

मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त कार से पुलिस ने 21.838 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

हादसे की कार से मिला 22 किलो गांजा
HIGHLIGHTS:

• यमुना एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त कार से 21.838 किलोग्राम गांजा बरामद।

• दिल्ली और बिहार के दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

• पुलिस तस्करी नेटवर्क और गांजे की आपूर्ति के स्रोत की जांच में जुटी।

जन माध्यम
मथुरा।
यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना का शिकार हुई एक कार से मांट थाना पुलिस ने 21 किलो 838 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि जाबरा टोल प्लाजा के पास दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में खड़ी एक कार में संदिग्ध सामान रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार में रखे एक बैग से 21 किलो 838 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि मामले में दिल्ली निवासी दिनेश पुत्र नरेश कुमार तथा बिहार के सुपौल निवासी जयप्रकाश चौधरी पुत्र नागेश्वर चौधरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।