महिला पत्रकार की शिकायत पर धमकी का मुकदमा दर्ज
बरेली में महिला पत्रकार की तहरीर पर इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। सोशल मीडिया पर खबर प्रकाशित करने के बाद धमकी और अभद्रता के आरोप लगाए गए हैं।
महिला पत्रकार की शिकायत पर FIR दर्ज
खबर प्रकाशित करने के बाद धमकी देने का आरोप
इज्जतनगर थाने में BNS की धाराओं में मुकदमा
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हसीन दानिश। जन माध्यम
बरेली। सोशल मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता के बढ़ते प्रभाव के बीच बरेली में एक महिला पत्रकार को खबर प्रकाशित करना भारी पड़ गया। एक विवाद से जुड़ी खबर सामने आने के बाद कथित तौर पर धमकी और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। महिला पत्रकार की शिकायत पर इज्जतनगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पत्रकारिता जगत में भी चर्चा तेज हो गई है।
एफआईआर के अनुसार महिला पत्रकार ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अप्रैल 2026 में एक विवाद से संबंधित खबर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित की थी। खबर सामने आने के बाद उनके मोबाइल नंबर पर कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और खबर हटाने का दबाव बनाया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अधिकारियों को पूरी शिकायत दी थी। मामले में एक महिला को नामजद करते हुए आरोप लगाए गए हैं।
इज्जतनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 और 351(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद सोशल मीडिया और पत्रकारिता जगत में पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।