फतेहपुर में ट्रिपल मर्डर: रास्ते के विवाद में किसान नेता, बेटे और भाई की गोली मारकर हत्या
1. गांव में तनाव, किसान यूनियन ने जताया गुस्सा, पुलिस बल तैनात
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जमीन के रास्ते के विवाद को लेकर किसान नेता, उनके बेटे और भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैला गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बताया जाता है कि फतेहपुर मुख्यालय से 50 किमी. दूर हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव में हुई है।
हमलावरों ने परिवार के लोगों को घेरकर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। 20 से 25 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। एसपी धवल जायसवाल ने मीडिया को बताया कि गोलीबारी में भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष पप्पू (50 वर्ष), उनके बेटे अभय (22 वर्ष) और भाई पिंटू सिंह (45 वर्ष )की मौत हो गई है।
तीन हत्याओं से इलाके में दहशत
इस ट्रिपल मर्डर से इलाके में दहशत है। मृतक किसान सक्रिय एक प्रभावशाली किसान यूनियन नेता के रूप है। आरोप है कि रास्ते के लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते कुछ लोगों ने आज तड़के तीनों को घेरकर गोलियों से भून डाला। घटना के बाद आक्रोशित किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगाने की कोशिश की। मगर, पुलिस ने किसी तरह नियंत्रित किया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक परिवार को पहले से धमकियां मिल रही थीं।
किसान यूनियन ने दी चेतावनी,पुलिस प्रशासन अलर्ट
इस घटना के बाद इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। किसान यूनियन ने इस ट्रिपल मर्डर को लेकर सरकार से न्याय की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। यूनियन नेताओं ने कहा कि यह केवल एक पारिवारिक हत्या नहीं, बल्कि किसानों की आवाज़ को दबाने की साज़िश है।
जांच पड़ताल में जुटे अफसर
फिलहाल पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।