समिति के चेयरमैन की अध्यक्षता में वार्षिक निकाय सभा संपन्न
1. कृषकों के हित में महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
मीरगंज, बरेली (कर्ण पाल सिंह)। सहकारी गन्ना विकास समिति मीरगंज की सामान्य वार्षिक निकाय सभा का आयोजन इस वर्ष भी समिति कार्यालय में संपन्न हुआ। बैठक में वर्ष 2023-24 के आर्थिक चिट्ठे को अनुमोदित किया गया। इसके साथ ही 2025-26 के बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के दौरान समिति सदस्यों को अनुदान पर स्प्रे मशीन देने और कृषकों को नि:शुल्क फोटो स्टेट सुविधा प्रदान करने का प्रस्ताव रखा गया। जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके अलावा चीनी मिल से अपेक्षित सहयोग की मांग उठाई गई, जिस पर मिल के गन्ना महाप्रबंधक ओमप्रकाश वर्मा ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने किसानों से बसंत कालीन गन्ने की बुवाई बढ़ाने और क्षेत्रफल में विस्तार करने का भी आग्रह किया।सभा में उपस्थित फतेहगंज पश्चिमी के ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र यादव ने भोलापुर की खराब सड़क की शिकायत पर जल्द से जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे मीरगंज समिति के चेयरमैन तेजपाल सिंह फौजी ने कहा कि वे सदैव किसानों के हित में कार्य करने और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस दौरान सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव अशोक कुमार ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और सभा का संचालन किया। बैठक में जेष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक संजय राव, प्रबंध कमेटी के उपाध्यक्ष हरिराम लोधी, संचालक गण योगेंद्र कुमार सिंह, रामगोपाल, कल्याण राय, सूर्यकांत, रमेश गंगवार, प्रेमपाल, चंद्र प्रकाश, अतुल त्रिवेदी समेत सैकड़ों कृषक उपस्थित रहे।