किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी एक महीने बाद गिरफ्तार, जीआरपी ने किया खुलासा

किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी एक महीने बाद गिरफ्तार, जीआरपी ने किया खुलासा
HIGHLIGHTS:

1. चार स्टेशनों की फुटेज खंगालकर मिला सुराग
2. कई जिलों में दर्ज हैं संगीन मुकदमे
3. नेपाल के कसीनों का था लती था आरोपी

बरेली। बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर 14 साल की किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार देर रात बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच से दबोचा गया। बुधवार को एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने प्रेसवार्ता कर बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी की कई टीमें जांच में लगाई गई थीं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी तक पहुंचा गया।

27 मार्च को हुई थी वारदात

बीती 27 मार्च को कासगंज निवासी 14 वर्षीय किशोरी अपने परिवार के साथ टनकपुर में पूर्णागिरी मेले से लौट रही थी। टनकपुर से बरेली तक का सफर परिवार ने साथ किया, लेकिन बरेली से कासगंज के लिए ट्रेन पकड़ते समय लड़की जनरल कोच में चढ़ गई और परिवार के अन्य सदस्य चढ़ नहीं सके। इसी दौरान आरोपी ने लड़की को ट्रेन से उतार लिया और प्लेटफार्म से आगे एक पुल के नीचे सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया। परिवार की शिकायत पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच में जुटी टीमों ने बरेली जंक्शन, सिटी, टनकपुर और कासगंज रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में युवक किशोरी को ट्रेन से उतारता दिखा, लेकिन चेहरा साफ नहीं था। जब पीड़िता को वीडियो दिखाया गया, तो उसने आरोपी की पहचान कर ली। आरोपी की पहचान कासगंज के सोरों क्षेत्र निवासी चंद्रकेश कश्यप के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी के बाद जुर्म कबूला, लूट की घटना भी उजागर

पुलिस ने मंगलवार रात आरोपी को बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच के अंतिम छोर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दुष्कर्म की वारदात कबूल कर ली। इसके अलावा 22 अप्रैल को रामगंगा पुल के पास चलती ट्रेन में महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात को भी स्वीकार किया। वहीं आरोपी के पास से पुलिस को 19,300 रुपये नकद भी मिले हैं।