वाहन चेकिंग अभियान में कई संदिग्ध वाहनों की जांच

वाहन चेकिंग अभियान में कई संदिग्ध वाहनों की जांच

बरेली, नापतोल न्यूज़। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में मंगलवार शाम थाना इज्जतनगर क्षेत्र में पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की गई और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त हिदायत दी गई।

वाहन चेकिंग अभियान से रफ्तार के शौकीनों और लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की और कागजातों की जांच की। साथ ही बाइक चालकों को हेलमेट और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सख्त चेतावनी दी।

पुलिस की खास नजर उन बाइक सवारों पर रही जो तीन लोगों के साथ सफर कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान अपराध नियंत्रण और यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखकर चलाया गया है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

इस दौरान सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार, हेड कांस्टेबल भानुप्रताप आर्य सहित पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।