एसएसपी ने चौकी इंचार्ज जय सिंह निगम को दुष्कर्म के आरोप में किया सस्पेंड
गाजियाबाद में महिला से दुष्कर्म और धोखे से शादी के आरोपों पर बरेली एसएसपी अनुराग आर्य ने चौकी इंचार्ज जय सिंह निगम को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए।
➡️ दुष्कर्म व धोखे से शादी के आरोपों पर चौकी इंचार्ज निलंबित
➡️ एसएसपी अनुराग आर्य ने दी त्वरित कार्रवाई
➡️ गाजियाबाद में तैनाती के दौरान महिला से बनी थी पहचान
➡️ पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
➡️ विभागीय जांच शुरू, सख्त कार्रवाई का आश्वासन
दुष्कर्म और धोखे से शादी के आरोपों पर एसएसपी ने तुरंत की कार्रवाई
जन माध्यम
बरेली। कुंडरा कोठी पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक जय सिंह निगम को गाजियाबाद में तैनाती के दौरान एक महिला के साथ दुष्कर्म और धोखे से विवाह करने के गंभीर आरोपों के चलते एसएसपी अनुराग आर्य ने तुरंत निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद उन्हें पुलिस लाइन अटैच किया गया है और विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक,जय सिंह निगम कुछ समय पहले तक गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने में तैनात थे। इसी दौरान शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की एक महिला से उनकी पहचान हुई। महिला का आरोप है कि जांच के बहाने दरोगा उसे अलग-अलग जगहों पर ले गया और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके अलावा महिला का दावा है कि निगम ने खुद को अविवाहित बताकर मंदिर में उससे विवाह किया, लेकिन बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा था। विवाह के बाद भी उसने महिला को साथ नहीं रखा और धोखा दिया।पीड़िता की शिकायत पर साहिबाबाद थाने में दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस को मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जय सिंह निगम को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने कहा, उपनिरीक्षक जय सिंह निगम पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन्हें निलंबित किया गया है और विभागीय जांच के लिए सीओ स्तर के अधिकारी को जांच सौंपी गई है।
जय सिंह निगम हाल ही में बरेली के नवाबगंज थाने की कुंडरा कोठी चौकी का प्रभारी नियुक्त हुए थे। उनके निलंबन के बाद चौकी में नए प्रभारी की तैनाती की जाएगी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर सख़्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।