एसएसपी ने पुलिस लाइन में किया ध्वजारोहण
बरेली में पुलिस झंडा दिवस पर SSP अनुराग आर्य ने ध्वजारोहण किया, पूरे पुलिस बल को कर्तव्य, अनुशासन और जनसेवा का संकल्प दोहराया।
➡️ SSP अनुराग आर्य ने ध्वजारोहण किया
➡️ देश का पहला पुलिस ध्वज: यूपी पुलिस 1952
➡️ सत्य, सेवा, सुरक्षा की शपथ
➡️ शहीदों को श्रद्धांजलि, परंपरा का सम्मान
➡️ अनुशासन और जनविश्वास पर जोर
➡️ पुलिस लाइन में भव्य आयोजन
पुलिस झंडा दिवस पर कर्तव्य, अनुशासन और जनसेवा का संकल्प दोहराया
जन माध्यम
बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन का प्रांगण रविवार सुबह अनुशासन, गौरव और पुलिस बल की अदम्य परंपरा का साक्षी बना। पुलिस स्मृति दिवस व पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर एसएसपी अनुराग आर्य ने ध्वजारोहण कर समारोह की शुरुआत की। झंडारोहण के उस शांत लेकिन गर्वपूर्ण क्षण ने हर पुलिसकर्मी को उनकी ऐतिहासिक जिम्मेदारियों का एहसास कराया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुँचाया। संदेश के माध्यम से पुलिस बल को याद दिलाया गया कि पुलिस झंडा दिवस केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि उस सम्मान और विरासत का प्रतीक है जो 23 नवंबर 1952 को उत्तर प्रदेश पुलिस को देश में सबसे पहले प्राप्त हुआ था। यह ध्वज यूपी पुलिस की शौर्यगाथा और सेवा-समर्पण का आज भी जीवंत प्रतिक है। अपने उद्बोधन में एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्दी केवल धातु का बैज या खाकी का वस्त्र नहीं यह एक संकल्प, एक व्रत और जनता की सुरक्षा का भरोसा है। उन्होंने कहा कि हर पुलिसकर्मी का कर्तव्य है कि वह इस ध्वज की प्रतिष्ठा को बनाए रखते हुए अनुशासन, सत्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करे।एसएसपी ने कहा कि पुलिस जिस प्रकार पिछले दिनों कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और जनसहयोग में उत्कृष्ट कार्य कर रही है, वह पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने पुलिस लाइन में उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को टीम भावना, तत्परता और जनता के प्रति संवेदनशील रवैये को हमेशा बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है, और इस विश्वास को बनाए रखने के लिए हर पुलिसकर्मी को अपने व्यवहार और कर्तव्य में मानवीयता को सर्वोपरि रखना होगा। पुलिस महानिदेशक का संदेश पढ़ने के बाद एसएसपी ने उपस्थित बल को यह स्मरण कराया कि इस दिन पुलिस केवल अपने ध्वज का सम्मान नहीं करती, बल्कि उन शहीद पुलिसकर्मियों को भी नमन करती है जिन्होंने राष्ट्रहित और जनसुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एसएसपी के प्रेरक शब्दों के साथ अपनी प्रतिज्ञा दोहराई कि वे सदैव सत्य, सेवा और सुरक्षा के मार्ग पर चलकर पुलिस ध्वज की प्रतिष्ठा को बनाए रखेंगे।