सादे वेश में ऑटो में बैठे एसपी सिटी, रंगदारी वसूलने वाले दो दबोचे, पांच फरार
1. अन्य फरार के लिए टीम गठित
बरेली। बरेली जंक्शन पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से जबरन रंगदारी वसूलने वालों की अब खैर नहीं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसपी सिटी मानुष पारीक ने खुद सादे वेश में ऑटो में सवारी बनकर जाल बिछाया और रंगेहाथ दो आरोपियों को दबोच लिया।
मंगलवार रात की इस फिल्मी तर्ज़ की कार्रवाई ने पुलिस की सक्रियता और जमीनी जुड़ाव दोनों को साबित कर दिया। जैसे ही ऑटो चालक से नंबर के नाम पर वसूली की कोशिश हुई और विरोध हुआ, गिरोह के कुछ सदस्य मारपीट पर उतर आए। लेकिन इससे पहले कि वे कुछ और कर पाते आसपास तैनात पुलिस ने दो को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक सिविल लाइंस और दूसरा बदायूं जिले का निवासी है। इनसे पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे अवैध पार्किंग और नंबर देने के नाम पर आए दिन ऑटो चालकों से उगाही करते थे। पांच अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
दरअसल सोमवार रात भी एक ऑटो चालक से मारपीट की गई थी। यही वो घटना थी जिसने एसपी सिटी को खुद मैदान में उतरने को मजबूर किया।
एसपी सिटी के मुताबिक पकडे गये आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है, फरार आरोपियों की दबिश जारी है। जल्द इससे जुड़े सदस्यों पर बड़ी कार्रवाई की जायेगी।