कलयुगी बेटे का कहर: पिता को बेरहमी से पीटा, थाने पहुँचकर फफक पड़ा बुजुर्ग

विक्रमपुर गाँव में बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा, पुलिस ने ओमप्रकाश पर मुकदमा दर्ज किया।

कलयुगी बेटे का कहर: पिता को बेरहमी से पीटा, थाने पहुँचकर फफक पड़ा बुजुर्ग
HIGHLIGHTS:

➡️ विक्रमपुर में बेटे ओमप्रकाश ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा
➡️ नन्हे लाल थरथराते कदमों से थाने पहुँचे
➡️ लंबे समय से गाली-गलौज और धमकाने की शिकायत
➡️ गाँव वालों ने बचाया, नहीं तो हालत और बिगड़ सकती थी
➡️ पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की
➡️ घटना गाँव में चर्चा का प्रमुख विषय बनी

प्रेम/ जन माध्यम

शाही, बरेली। थाना शाही क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने माता-पिता और संतान के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया। जिस पिता ने अपने बेटे को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, जिसकी खुशियों के लिए बरसों तक मेहनत की, जिसके बेहतर भविष्य के लिए अपनी जिंदगी की हर जमा-पूंजी न्योछावर कर दी, उसी बेटे ने एक दिन अपने ही पिता पर हाथ उठाने की जहमत कर दी।

गाँव विक्रमपुर के रहने वाले नन्हे लाल पुत्र छेदालाल थरथराते कदमों से थाने पहुँचे तो उनकी आँखों में दर्द, और दिल में बेटा होने का सबसे बड़ा ज़ख़्म साफ झलक रहा था। थानाध्यक्ष राजेश बैंसला के सामने नन्हे लाल ने भरभराती आवाज़ में बताया कि उनका बेटा ओमप्रकाश लंबे समय से उन्हें गालियां देता है, डराता-धमकाता है। पिता होने के नाते वर्षों से वह यह जुल्म चुपचाप सहते आ रहे थे, इस उम्मीद में कि शायद एक दिन बेटा सुधर जाएगा।

लेकिन शुक्रवार की सुबह तो जैसे कयामत बनकर टूटी। सुबह करीब 8 बजे ओमप्रकाश फिर बिना किसी बात के गंदी-घिनौनी गालियां देने लगा। जब बूढ़े पिता ने इसका विरोध किया तो बेटे ने सारी सीमाएं लांघ दीं। नन्हे लाल ने बताया—“उसने डंडे, लात-घूंसों से मुझे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मैं चीखता रहा, लेकिन वह रुकने का नाम नहीं ले रहा था… गाँव वालों ने मुझे बचाया, नहीं तो जाने क्या हो जाता।”

घटना में बुजुर्ग पिता को गंभीर चोटें आईं। डर और अपमान से कांपते पिता ने आखिर हिम्मत जुटाई और थाने पहुँचे। उनकी व्यथा सुनकर थानाध्यक्ष भी हैरान रह गए।

पुलिस ने नन्हे लाल की तहरीर पर कलयुगी बेटे ओमप्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

एक पिता की पीड़ा और बेटे की बेरहमी की यह कहानी गाँव भर में चर्चा का विषय बनी हुई है।