शाही शेरगढ़ मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो घायल
शाही–शेरगढ़ मार्ग पर गीली मिट्टी से बाइक और पिकप कार की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल। कार चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी।
➡️ शाही–शेरगढ़ मार्ग पर गीली मिट्टी से बाइक और पिकप कार की टक्कर
➡️ बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल, कार चालक फरार
➡️ स्थानीय भट्टों की गीली मिट्टी से सड़क पर फिसलन बढ़ने की शिकायत
जन माध्यम
शाही (बरेली)। शाही शेरगढ़ मार्ग पर शनिवार दोपहर को भीषण सड़क हादसा हुआ। बुझिया माइनर और पेट्रोल पंप के बीच गीली मिट्टी की फिसलन से बाइक और पिकप कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बालपुर निवासी सर्वेश कुमार पुत्र घासीराम अपने साथी शिवा पुत्र राजाराम के साथ बाइक से शाही की ओर जा रहे थे। इस दौरान शेरगढ़ की तरफ से आ रही पिकप कार से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और कार लगभग 20 मीटर तक घिसटती चली गई। घायल युवकों में शिवा की स्थिति अधिक गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर डायल 112 मौके पर पहुंची और दोनों घायल युवकों को निजी एम्बुलेंस के माध्यम से बरेली के अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने पिकप कार को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि शाही–शेरगढ़, फतेहगंज पश्चिमी, मिर्जापुर और धनेटा मार्ग पर चल रहे ईंट भट्टे नियमों का उल्लंघन करते हुए गीली मिट्टी सड़क पर गिरा रहे हैं, जिससे फिसलन बढ़ती है। शुक्रवार को हुई बारिश ने फिसलन को और बढ़ा दिया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भट्टों की गीली मिट्टी सड़क पर लगातार गिरने के कारण आये दिन दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। कुछ दिन पहले इसी मार्ग पर लमकन गाँव के पास भट्टे की गीली मिट्टी से कार और स्कूल बस की टक्कर हुई थी, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।