विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति सहित तीन पर मुकदमा
शाही थाना क्षेत्र में विवाहिता को पति और ससुरालियों द्वारा प्रताड़ित कर घर से निकालने के मामले में पीड़िता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
➡️ शादी के बाद उत्पीड़न
➡️ पति पर मारपीट आरोप
➡️ सास-ससुराल शामिल
➡️ घर से निकाला
➡️ तीन पर मुकदमा
दीनानाथ कश्यप/ जन माध्यम
शाही (बरेली)। थाना शाही क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता को पति और ससुरालियों द्वारा मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना करीब तीन महीने पुरानी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना शाही क्षेत्र के गांव दौद आलमपुर निवासी कमलेश की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व रामपुर जनपद के थाना पटवाई क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी संतोष के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति संतोष ने उसके साथ उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। वह आए दिन गाली-गलौज करता, मारपीट करता और जान से मारने की धमकी देता था।
कमलेश के मुताबिक जब वह अपनी सास माया देवी से पति की शिकायत करती तो सास उल्टा पति का पक्ष लेती और उसे गालियां देती थी। इस कारण उसे लगातार ससुरालियों के अत्याचार सहने पड़े। पीड़िता ने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले पति संतोष, चचिया सास कन्या देवी और सास माया देवी ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए उसे घर से निकाल दिया।
इसके बाद से कमलेश अपने मायके में रह रही है। पीड़िता का कहना है कि घरेलू विवाद और उत्पीड़न में दोनों सासों की भूमिका सबसे ज्यादा रही है। ससुराल पक्ष के किसी भी व्यक्ति ने उसे वापस बुलाने की कोशिश नहीं की। घरेलू कलह से परेशान होकर मजबूरन उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।