टूटी सड़कों और फटी पाइपों की डीएम से शिकायत

सैंथल नगर पंचायत के सभासदों ने डीएम बरेली को पत्र भेजकर जलनिगम ठेकेदार की लापरवाही की शिकायत की। टूटी सड़कें और फटी पाइपों की समस्या बनी हुई है।

टूटी सड़कों और फटी पाइपों की डीएम से शिकायत
HIGHLIGHTS:

➡️ सैंथल नगर पंचायत सभासदों ने डीएम को भेजी शिकायत
➡️ जलनिगम ठेकेदार द्वारा अधूरा मरम्मत कार्य का आरोप
➡️ टूटी सड़कें और फटी पाइप लाइनें जनता के लिए परेशानी
➡️ पहले की शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हुआ

सरफराज़ खान । जन माध्यम

सैंथल (बरेली)। नगर पंचायत के सभासदों ने जिलाधिकारी बरेली को पत्र देकर कस्बे में जलनिगम के ठेकेदार की शिकायत की है। पत्र में गुड्डू अल्वी, अकील अंसारी, हरीशंकर मौर्य, महबूब इदरीसी, शबाब हसन, शाकिर हसन सहित अन्य सभासदों ने कहा कि जलनिगम द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराया गया और पाइप लाइन डालने के लिए सड़कों की खुदाई की गई थी, लेकिन काम पूरा होने के बाद मरम्मत अधूरी छोड़ दी गई।

सभासदों ने बताया कि अब सड़कों का हाल बेहद खराब है, पैदल चलना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह पाइप लाइनें टूटी हुई हैं, जिससे पानी रिसाव कर रहा है। ठेकेदार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई अधिकारियों से पहले भी शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इसलिए आज सभासदों ने जिलाधिकारी बरेली से व्यक्तिगत रूप से शिकायत कर समस्या का तत्काल निदान करने की मांग की है, ताकि कस्बे में सड़कों और जल आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।