सैंथल में चला चाइनीज मांझे की चेकिंग का अभियान

बसंत पंचमी को लेकर सैंथल में पुलिस ने चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए दुकानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

सैंथल में चला चाइनीज मांझे की चेकिंग का अभियान
HIGHLIGHTS:

➡️ बसंत पंचमी से पहले सैंथल में पुलिस का विशेष अभियान
➡️ दुकानों की जांच, कहीं नहीं मिला प्रतिबंधित चाइनीज मांझा
➡️ दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी, आम लोगों से सुरक्षित मांझे की अपील

सरफराज़ खान । जन माध्यम
सैंथल (बरेली)।
बसंत पंचमी के पर्व को लेकर सैंथल कस्बे में स्थानीय पुलिस चौकी के स्टाफ द्वारा चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कस्बे की विभिन्न दुकानों की जांच की गई, हालांकि किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बिकता हुआ नहीं मिला।

चौकी पर तैनात सिपाही दीपक कुमार ने बताया कि बसंत पंचमी के अवसर पर पतंगबाजी का चलन बढ़ जाता है, जिसमें कुछ लोग चाइनीज मांझे का प्रयोग करते हैं। यह मांझा बेहद खतरनाक होता है, जिससे उलझकर लोग गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझे की बिक्री पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे सुरक्षित मांझे का ही उपयोग करें और किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित मांझे से दूर रहें।