31 दिन नॉन-स्टॉप परीक्षा, रुहेलखंड विश्वविद्यालय का सख्त कैलेंडर जारी

रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने जनवरी में 31 दिन लगातार परीक्षा कराने का कैलेंडर जारी किया है। 2 से 31 जनवरी तक बिना किसी छुट्टी और रविवार को भी परीक्षाएं होंगी। इससे छात्रों पर तैयारी का भारी दबाव बढ़ गया है।

31 दिन नॉन-स्टॉप परीक्षा, रुहेलखंड विश्वविद्यालय का सख्त कैलेंडर जारी
HIGHLIGHTS:

➡️ 2 से 31 जनवरी तक लगातार परीक्षा
➡️ एक भी दिन अवकाश नहीं, रविवार को भी एग्जाम
➡️ प्रथम सेमेस्टर मुख्य व बैक परीक्षा एक ही पाली में
➡️ तृतीय-पंचम सेमेस्टर का शेड्यूल बदला
➡️ PG व प्रोफेशनल कोर्स की परीक्षा 13 जनवरी से

2 से 31 जनवरी तक बिना छुट्टी एग्जाम, रविवार को भी होगी परीक्षा

डेस्क/ जन माध्यम
बरेली।
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम सेमेस्टर की मुख्य और बैक परीक्षा का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। कैलेंडर सामने आते ही छात्रों में हड़कंप मच गया है। विश्वविद्यालय ने 2 जनवरी से 31 जनवरी तक लगातार 31 दिन परीक्षा कराने का फैसला किया है। खास बात यह है कि इस दौरान कोई अवकाश नहीं होगा और सभी रविवार को भी परीक्षा कराई जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके साथ ही स्नातक तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाओं के कार्यक्रम में भी संशोधन कर दिया है। बदले हुए शेड्यूल ने कॉलेजों और छात्रों दोनों पर तैयारी का दबाव और बढ़ा दिया है। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार प्रथम सेमेस्टर की सभी परीक्षाएं सुबह 8 बजे से 10 बजे तक एक ही पाली में होंगी। पहले ही दिन फैशन डिजाइनिंग, ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट, पर्सियन, फंक्शनल हिंदी, ऑफिस मैनेजमेंट, फिजिक्स, बिजनेस ऑर्गनाइजेशन, बिजनेस इकोनॉमिक्स, इंट्रोडक्शन टू रिटेल ऑपरेशंस, हॉस्पिटल ऑपरेशंस मैनेजमेंट, बेसिक अकाउंटिंग और गृह विज्ञान जैसे विषयों की परीक्षा होगी। वहीं स्नातक तृतीय और पंचम सेमेस्टर की 2 और 8 जनवरी को होने वाली कुछ परीक्षाओं में भी बदलाव किया गया है। छात्रों को अब संशोधित टाइमटेबल के अनुसार ही तैयारी करनी होगी।

प्रथम सेमेस्टर के कई छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के समय चुने गए मेजर, माइनर और वोकेशनल विषयों में परीक्षा आवेदन भरते समय अपने स्तर से बदलाव कर दिया। साइबर कैफे के जरिए किए गए इन बदलावों का खामियाजा अब छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। बरेली कॉलेज की ओर से प्रवेश निरस्त करने का नोटिस जारी होने के बाद छात्र समाधान के लिए प्रवेश समिति के चक्कर काटते नजर आए। गुरुवार को सीट लॉक करने का अंतिम दिन होने के कारण कॉलेज परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। विश्वविद्यालय ने 13 जनवरी से पीजी और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। ये परीक्षाएं सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होंगी।

PG व प्रोफेशनल पाठ्यक्रम परीक्षा शेड्यूल

➡️ PGDCA प्रथम सेमेस्टर: 13 से 17 जनवरी
➡️ एमएसडब्ल्यू (नया पाठ्यक्रम) प्रथम व तृतीय सेमेस्टर: 13–14 जनवरी
➡️ एमएसडब्ल्यू (पुराना/नियमित): 13 से 23 जनवरी
➡️ एम.लिब प्रथम सेमेस्टर: 13 से 15 जनवरी
➡️ एलएलएम (एचआर/साइबर लॉ): 13 से 23 जनवरी
➡️ बीसीए प्रथम, तृतीय व पंचम सेमेस्टर: 13 से 30 जनवरी
➡️ बीबीए प्रथम, तृतीय व पंचम सेमेस्टर: 13 जनवरी से 5 फरवरी
➡️ बी.लिब (मेन) प्रथम सेमेस्टर: 13 से 15 जनवरी
➡️ बी.कॉम (फाइनेंशियल सर्विसेज): 13 से 21 जनवरी
➡️ बी.कॉम (फाइनेंस): 13 से 23 जनवरी
➡️ एलएलबी पांच वर्षीय (ऑड सेमेस्टर): 13 से 23 जनवरी
➡️ एलएलबी तीन वर्षीय (बैक): 13 से 22 जनवरी