रिछा में गैस की किल्लत: रात में कालाबाजारी के आरोप, सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ता
बरेली के रिछा कस्बे में रसोई गैस को लेकर उपभोक्ता परेशान हैं। नितिन गैस एजेंसी पर सिलेंडर न मिलने और रात में कालाबाजारी के आरोप लगे हैं, जबकि होम डिलीवरी भी बंद बताई जा रही है।
रिछा में गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को करना पड़ रहा संघर्ष
एक माह पहले बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रही रसोई गैस
रात के अंधेरे में गैस की कालाबाजारी के लगे आरोप
कस्बे में होम डिलीवरी बंद, एजेंसी पर उमड़ रही भीड़
इकरार। जन माध्यम
रिछा (बरेली)। रसोई का चूल्हा जब बुझने लगता है, तब सबसे ज्यादा बेचैनी उस घर में होती है जहां बच्चे भूखे बैठे हों। रिछा कस्बे में इन दिनों कुछ ऐसा ही हाल है। गैस सिलेंडर की कमी और कालाबाजारी के आरोपों के बीच आम उपभोक्ता परेशान हैं और एजेंसी के चक्कर लगाते-लगाते थक चुके हैं।
बरेली जिले के रिछा कस्बे में रसोई गैस को लेकर इन दिनों उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे में स्थित नितिन गैस एजेंसी से करीब पचास हजार की आबादी वाले रिछा के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी गैस की आपूर्ति होती है। इन दिनों एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन घंटों इंतजार करने के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रही गैस
मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने एक माह पहले गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन इसके बावजूद कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि न तो उन्हें समय पर गैस मिल रही है और न ही कस्बे में होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे खासकर बुजुर्ग और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रात में कालाबाजारी के आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी पर दिन में गैस की कमी बताई जाती है, जबकि रात के अंधेरे में सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। जब इस संबंध में एजेंसी संचालिका सरला देवी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो कई बार फोन करने के बावजूद उनका मोबाइल बंद मिला। इससे उपभोक्ताओं में और अधिक नाराजगी देखने को मिल रही है।
घरेलू सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग भी चिंता
कस्बे और आसपास के ग्रामीण इलाकों में घरेलू गैस सिलेंडरों का खुलेआम व्यवसायिक उपयोग भी किया जा रहा है, लेकिन इस पर प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा। जबकि जिलाधिकारी Avinash Singh पहले ही गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की समस्या न होने देने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुके हैं। इसके बावजूद हालात सुधरते नजर नहीं आ रहे हैं और उपभोक्ताओं की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।