पिपिंग सेरेमनी का आयोजन, इन दो आईपीएस को मिला सीनियर स्केल

बरेली पुलिस द्वारा पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। जिसमें दो आईपीएस को वरिष्ठ समयमान वेतनमान पद प्राप्त होने पर सम्मानित किया। सेरेमनी के इस भव्य आयोजन में दोनों अधिकारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। 

पिपिंग सेरेमनी का आयोजन, इन दो आईपीएस को मिला सीनियर स्केल
पिपिंग सेरेमनी में एडीजी रमित शर्मा, आईजी डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, अपर निदेशक (अभियोजन) राजेश शुक्ला, एएसपी अंशिका वर्मा और एएसपी देवेन्द्र कुमार

बरेली। आज बरेली पुलिस द्वारा पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। जिसमें आईपीएस अंशिका वर्मा और आईपीएस देवेंद्र कुमार को वरिष्ठ समयमान वेतनमान पद प्राप्त होने पर सम्मानित किया। सेरेमनी के इस भव्य आयोजन में दोनों अधिकारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। 

इस अवसर पर एडीजी रमित शर्मा, आईजी डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य और अपर निदेशक (अभियोजन), बरेली राजेश शुक्ला उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह और रैंक प्रदान करते हुए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं IPS अंशिका वर्मा



अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उनका जन्म और पालन-पोषण उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में हुआ। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (बीई) में अपनी शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वे बरेली में एएसपी (दक्षिणी) के पद पर कार्यरत हैं। अंशिका वर्मा ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण अभियानों और चुनौतियों का नेतृत्व करते हुए अपने कर्तव्यों का सफलता से निर्वहन किया है। उनकी नेतृत्व क्षमता, समस्या समाधान कौशल और अपराध नियंत्रण में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है।

समर्पण और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक हैं IPS देवेंद्र कुमार

आईपीएस देवेंद्र कुमार भी 2021 बैच के अधिकारी हैं और राजस्थान के चुरू जिले के मूल निवासी हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (बीई) में अपनी शिक्षा पूरी की है। वर्तमान में वह बरेली में क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय और क्षेत्राधिकारी लाइन के पदों पर कार्यरत हैं। देवेंद्र कुमार ने अपने कार्यक्षेत्र में अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग और प्रशासनिक कार्यों में अपनी उत्कृष्टता साबित की है। उनकी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा के कारण उन्होंने अपने विभाग में एक विशिष्ट पहचान बनाई है।

जाने क्या बोले एडीजी

इस अवसर पर एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि दोनों अधिकारी अपनी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से संगठन और समाज के लिए अनुकरणीय योगदान दे रहे हैं। यह पदोन्नति उनके कार्यक्षेत्र में और अधिक निष्ठा से कार्य करने की प्रेरणा देगा।

जाने क्या बोले आईजी

आईजी डॉ. राकेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के सम्मान से न केवल अधिकारियों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि यह संगठन के सभी कर्मचारियों को भी प्रेरित करता है।