भाजपा नेतृत्व ने दी श्रद्धांजलि

बरेली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा नेतृत्व ने दी श्रद्धांजलि
HIGHLIGHTS:

➡️ पंकज चौधरी ने दिवंगत विधायक को दी श्रद्धांजलि
➡️ झुमका तिराहे पर हुआ भाजपा नेताओं का स्वागत
➡️ सत्संग भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा
➡️ राज्यपाल संतोष गंगवार व कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

जन माध्यम 
बरेली।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी रविवार को बरेली पहुंचे और दिवंगत विधायक डॉ.श्याम बिहारी लाल की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें नमन किया। उनके आगमन पर झुमका तिराहे पर वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित अन्य वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।

पंकज चौधरी काफिले के साथ फरीदपुर रोड स्थित सत्संग भवन पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत विधायक के पुत्र और परिवार से भेंट कर गहरी शोक संवेदना जताई। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत नेता के योगदान की तारीफ की। श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश और देश स्तर के वरिष्ठ नेताओं के साथ साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम लोग भी उपस्थित रहे। सभा में आए लोगों ने फूलों और मौन सलामी के माध्यम से अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बरेली दौरा पहले आयकर विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और सर्किट हाउस में ठहराव के लिए तय था,लेकिन ऐन वक्त पर कार्यक्रम में बदलाव किया गया। रामपुर से सीधे बरेली आने के बाद उन्होंने झुमका तिराहे से फरीदपुर रवाना होकर श्रद्धांजलि सभा में शिरकत की और इसके तुरंत बाद लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए। श्रद्धांजलि सभा के बाद पंकज चौधरी रविवार दोपहर शाहजहांपुर पहुंचे, जहां सांसद अरुण सागर के आवास पर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, एमएलसी सुधीर गुप्ता और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा पहले जनता को स्पष्ट करे कि पीडीए का मतलब क्या है, क्योंकि कभी पी, कभी डी और कभी ए का मतलब बदल जाता है। वहीं भाजपा सर्व समाज की पार्टी है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है।

इस तरह पंकज चौधरी का बरेली दौरा केवल राजनीतिक गतिविधि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दिवंगत नेता के प्रति श्रद्धा, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और स्थानीय जनता के बीच संपर्क का अवसर भी बना। उनके दौरे ने बरेली में भाजपा की संगठन शक्ति और नेताओं की सक्रियता को भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।