नेताजी ! हमारे पैसे लौटा दो....भाजपा महानगर मंत्री व भाई पर लगे निवेशकों के करोड़ों हड़पने के आरोप, प्रदर्शन

नेताजी ! हमारे पैसे लौटा दो....भाजपा महानगर मंत्री व भाई पर लगे निवेशकों के करोड़ों हड़पने के आरोप, प्रदर्शन
HIGHLIGHTS:

1. भाजपा नेता ने कहा – मैं कंपनी में डायरेक्टर नहीं

Bareilly News: भारतीय जनता पार्टी के महानगर मंत्री सूर्यकांत मौर्य पर करोड़ों रुपये के हड़पने के आरोप लगे हैं। मामला अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड नाम की एक कंपनी का है, जिस पर निवेशकों की मोटी रकम के गोलमाल के आरोप लगे हैं। बदायूं से आये बड़ी संख्या में निवेशकों ने भाजपा नेता के पुराना शहर स्थित निवास का घेराव किया। भाजपा नेता का भाई शशिकांत मौर्य भी आरोपों के घेरे में है। इस बीच भाजपा नेता सूर्यकांत मौर्य का कहना है कि जिस कंपनी पर आरोप लगे हैं, उससे उनका कोई मतलब नहीं है। ना ही वह उस कंपनी में डायरेक्टर हैं। 

बरेली पहुंचे निवेशकों का कहना था कि अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड का डायरेक्टर भाजपा नेता सूर्यकांत मौर्य और उसका सगा भाई शशिकांत मौर्य अब तक सत्ता की आड़ में करीब 100 करोड़ से अधिक रुपये को हड़प चुका है। सत्ता की वजह से पुलिस उस पर हाथ नहीं डाल रही है। सूर्यकांत मौर्य भारतीय जनता पार्टी में महानगर महामंत्री है। सैकड़ों की संख्या में निवेशक जब उसके घर पहुंचे तो पुलिस ने भी कोई गिरफ्तारी नहीं की। बल्कि निवेशकों को यह समझाया कि यह बदायूं का मामला है। वहीं की पुलिस से अपनी शिकायत करो। निवेशकों का कहना था कि फ्रॉड पुराना शहर के मौर्य भाइयों ने किया है। प्रदर्शन करने आई महिलायें कह रही थीं – नेता जी, हमारे रुपये लौटा दो। रूपया एफडी व आईडी स्कीम के नाम पर जमा किया जा रहा था। लेकिन अब जब भुगतान का समय आया तो कंपनी गायब हो गई। निवेशकों ने जमकर नारेबाजी भी की। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साई भीड़ को किसी तरह शांत कराया। निवेशकों का कहना था कि कंपनी का दफ्तर खाली है, फर्नीचर तक हटाया जा चुका है। अब उनकी कमाई डूबने का खतरा है। 

इस बीच भाजपा नेता सूर्यकांत मौर्य का कहना है कि यह फर्म उनकी नहीं है। ना ही वह उसके डायरेक्टर हैं। उनके ऊपर जो आरोप लगाये जा रहे हैं, वह पूरी तरह से गलत हैं। जांच में बात साफ हो जायेगी।