रील्स की चकाचौंध में बुझ गई जिंदगी

नवाबगंज के निर्माणाधीन हाईवे पर रील्स बनाते समय 25 वर्षीय फैजान पर भारी पत्थर गिरने से उसकी मौत हो गई। हादसे ने परिवार और गांव में कोहराम मचा दिया।

रील्स की चकाचौंध में बुझ गई जिंदगी
HIGHLIGHTS:

➡️ रील्स बनाते समय फैजान की दर्दनाक मौत
➡️ भारी पत्थर गिरने से मौके पर युवक की मौत
➡️ पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा

हसीन दानिश । जन माध्यम

नवाबगंज (बरेली)। सोशल मीडिया पर रील्स बनाने की बढ़ती होड़ एक और युवा की जान ले गई। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रिछोला निवासी 25 वर्षीय फैजान की निर्माणाधीन हाईवे पर रील्स बनाते समय दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फैजान, जो रिछोला मजार के सामने ‘SRK हेयर सैलून’ नाम से अपना सैलून चलाता था, अपने दोस्तों के साथ नवाबगंज के बिजोरिया रोड पर बन रहे निर्माणाधीन हाईवे पर वीडियो बनाने गया था। बताया जा रहा है कि ऊंचाई पर चढ़कर रील शूट करते समय अचानक भारी पत्थर उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पत्थर लगते ही फैजान की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह असंतुलन और निर्माण स्थल पर सुरक्षा के अभाव की बात सामने आ रही है।

फैजान अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि फैजान सैलून के प्रचार के लिए वीडियो बना रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह शौक उसकी जिंदगी छीन लेगा।

यह हादसा एक बार फिर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के बढ़ते क्रेज और उससे जुड़े खतरों की ओर इशारा करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।