अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर

मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने सोंख रोड और सलेमपुर क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया।

अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर
HIGHLIGHTS:

एमवीडीए ने दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर कार्रवाई की।

सोंख रोड और सलेमपुर क्षेत्र में किए गए निर्माण ध्वस्त।

प्राधिकरण ने दोबारा निर्माण होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

जन माध्यम
मथुरा
। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए सोंख रोड और सलेमपुर क्षेत्र में विकसित की जा रही दो कॉलोनियों पर बुलडोजर कार्रवाई की। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली मच गई।

एमवीडीए अधिकारियों के अनुसार सोंख रोड स्थित अशोक पाइप फैक्टरी के सामने करीब 40 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में प्रतुल अग्रवाल, अतुल मंगल एवं अन्य लोगों द्वारा ‘विद्या इंडस्ट्रियल’ नाम से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस मामले में 21 मई को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए गए थे। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से विकसित संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया।

हालांकि प्रतुल अग्रवाल का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2024 में ही उक्त कॉलोनी का स्वामित्व हस्तांतरित कर दिया था और वर्तमान विकास कार्यों से उनका कोई संबंध नहीं है।

इसके अलावा सोंख रोड पर महाराजा वैशाली से लगभग 200 मीटर आगे मौजा सलेमपुर क्षेत्र में पंकज शर्मा एवं अन्य लोगों द्वारा करीब 3000 वर्गमीटर भूमि पर सड़क और नाली बनाकर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण ने यहां भी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य ध्वस्त करा दिया।

एमवीडीए सचिव आशीष सिंह ने बताया कि दोनों स्थानों पर अवैध विकास कार्यों को हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि ध्वस्त किए गए स्थलों पर दोबारा अवैध निर्माण कराया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।