हत्या या हादसा?: रेलवे कर्मचारी का मिला शव, पुलिस जुटी सुराग तलाशने में
बरेली। शहर के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में रेलवे बिजली घर के पास रेलवे लाइन किनारे एक शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कृष्णा नगर निवासी कैलाश के रूप में हुई है। जो रेलवे कर्मचारी है। सूचना मिलते ही इज्जतनगर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक के परिजन भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का कहना है कि यह एक हत्या हो सकती है और पुलिस को इसकी गहराई से जांच करनी चाहिए। पुलिस के अनुसार शव रेलवे लाइन के किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला, लेकिन प्रारंभिक जांच में कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं दिखे हैं। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कैलाश रेलवे में कार्यरत थे और रोजाना इसी मार्ग से आते-जाते थे। शनिवार सुबह जब कुछ लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।