सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर चला नगर निगम का डंडा, 14,700 रुपये जुर्माना वसूला
1. कर्मचारी नगर और मिनी बाईपास पर ठेले-फड़ हटवाए
2. दोबारा लगाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बरेली। सड़क पर अतिक्रमण कर जाम की वजह बनने वालों के खिलाफ नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को अभियान चलाया। राजस्व निरीक्षक नीरज गंगवार के नेतृत्व में निगम की टीम ने कर्मचारी नगर और मिनी बाईपास क्षेत्र में सड़क किनारे ठेले और फड़ लगाने वालों को हटवाया और उनसे 14,700 रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला। अभियान के दौरान टीम ने कई ऐसे लोगों को चेतावनी दी जो बार-बार सड़क पर कब्जा कर ठेला लगा लेते हैं। निरीक्षक ने कहा कि दोबारा ऐसा करने पर और अधिक जुर्माना लगाया जाएगा।
सड़क पर अवैध तरीके से दुकानें और ठेले लगने से इलाके में जाम की स्थिति बन जाती है जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम की यह कार्रवाई अतिक्रमणकारियों के लिए साफ संकेत है कि अब शहर की सड़कों को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिन क्षेत्रों में लगातार शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।