मीरगंज में ट्रक-कार भिड़ंत, एक गंभीर
मीरगंज (बरेली) के सिंधौली चौराहे पर घने कोहरे में ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
➡️ सिंधौली चौराहे पर घने कोहरे में हादसा
➡️ ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर
➡️ कार चालक गंभीर रूप से घायल
➡️ ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार
करण पाल सिंह । जन माध्यम
बरेली। मीरगंज क्षेत्र के सिंधौली चौराहे पर मंगलवार सुबह ट्रक और कार के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार ट्रक चीनी मिल से गन्ना खाली कर लौट रहा था। इसी दौरान सिंधौली चौराहे पर उसकी आमने-सामने कार से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार आदेश पुत्र मंगली निवासी लाल फाटक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता काफी कम थी। प्राथमिक रूप से हादसे का कारण कोहरा माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंधौली चौराहा अब पूरी तरह दुर्घटना जोन बन चुका है। यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं और कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
चौराहे पर तैनात उपनिरीक्षक श्रीपाल सिंह लगातार गलत दिशा से आने वाले वाहन चालकों के चालान काटकर उन्हें जागरूक करते रहते हैं। वह सुबह से शाम तक ड्यूटी पर मौजूद रहकर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और गलत दिशा में वाहन न चलाने की अपील करते हैं। इसके बावजूद कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।