मीरगंज में गंदे पानी के गड्ढे में गिरकर मासूम की मौत

Mirganj (Bareilly) के गांव सिमरिया में गंदे पानी के खुले गड्ढे में गिरकर तीन वर्षीय मासूम की मौत। परिजनों ने ग्राम प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाया, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू की।

मीरगंज में गंदे पानी के गड्ढे में गिरकर मासूम की मौत
फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

➡️ घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा
➡️ खुले गंदे पानी के गड्ढे में गिरी मासूम
➡️ ग्राम प्रधान पर लापरवाही का आरोप
➡️ पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

कर्ण पाल सिंह । जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)।
थाना क्षेत्र के गांव सिमरिया में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की गंदे पानी से भरे गड्ढे में गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार सिमरिया निवासी छोटेलाल की तीन वर्षीय पुत्री साक्षी घर के बाहर खेल रही थी। गांव के बाहर गंदे पानी की निकासी के लिए एक गहरा गड्ढा खुदवाया गया था, जिसमें आसपास के कई घरों का पानी जमा होता है। आरोप है कि गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था और उसके चारों ओर किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी।

बताया जाता है कि खेलते-खेलते मासूम साक्षी अचानक संतुलन खो बैठी और पानी से भरे उसी गड्ढे में गिर गई। जब तक परिजन उसे बाहर निकाल पाते, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। साक्षी दो बहनों में एक थी। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों ने ग्राम प्रधान पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि गड्ढे के चारों ओर घेराबंदी, जाली या ढक्कन लगाया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने भी ऐसे खुले गड्ढों को तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।