“शादी कराओ या जान ले लो” — 60 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

मेरठ के दौराला क्षेत्र में प्रेमी से शादी की मांग को लेकर 21 वर्षीय युवती 60 फीट ऊंचे हाई-वोल्टेज टावर पर चढ़ गई। घंटों चले रेस्क्यू के बाद प्रेमी के समझाने पर युवती सुरक्षित नीचे उतरी।

HIGHLIGHTS:

➡️ शादी की जिद में 60 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती
➡️ हाई-वोल्टेज लाइनों के बीच घंटों अटकी रही जान
➡️ “शादी कराओ या जान ले लो” की चेतावनी
➡️ कड़ाके की ठंड में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
➡️ पुलिस, बिजली विभाग और प्रशासन मौके पर
➡️ प्रेमी के मनाने पर सुरक्षित नीचे उतरी युवती
➡️ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

जन माध्यम |

हशमे आलम। मेरठ।

मेरठ जिले के दौराला थाना क्षेत्र अंतर्गत लावड़ रोड स्थित मावीमीरा गांव में मंगलवार सुबह ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी की सांसें रोक दीं। प्रेम में असहमति से टूट चुकी 21 वर्षीय युवती काजल अचानक बिजली के हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गई। करीब 50 से 60 फीट ऊंचाई पर पहुंचकर उसने साफ शब्दों में चेतावनी दी—“सोनू से शादी कराओ, वरना नीचे नहीं उतरूंगी।”

घटना सुबह के समय शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर में गांव ही नहीं, आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। काजल टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज लाइनों के बीच खड़ी रही, जहां एक छोटी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती थी। नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। कोई उसे समझा रहा था, कोई वीडियो बना रहा था—पूरा माहौल किसी फिल्मी सीन जैसा बन गया।

बताया जा रहा है कि काजल का प्रेम प्रसंग लावड़ कस्बे के निवासी सोनू से चल रहा है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक विरोध उनकी राह में दीवार बन गया। इसी नाराजगी और मानसिक दबाव के चलते काजल ने यह खतरनाक कदम उठा लिया। टावर पर खड़े होकर वह बार-बार चिल्लाती रही—“मैं सोनू से ही शादी करूंगी, वरना कुंवारी मर जाऊंगी।”

सूचना मिलते ही दौराला थाना पुलिस, बिजली विभाग के कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। कड़ाके की ठंड में घंटों तक समझाने का सिलसिला चलता रहा। हर पल डर था कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए। बिजली विभाग ने एहतियातन सप्लाई को लेकर सतर्कता बरती, जबकि पुलिस लगातार युवती से नीचे उतरने की अपील करती रही।

काफी प्रयासों के बाद आखिरकार सोनू को मौके पर बुलाया गया। प्रेमी के व्यक्तिगत मनाने और भरोसे के बाद काजल ने टावर से सुरक्षित नीचे उतरने का फैसला किया। गांव के प्रधान ने पुष्टि की कि सोनू की ओर से शादी के लिए सहमति बन गई है। इसके बाद काजल और सोनू को थाने ले जाया गया, जहां दोनों परिवारों को बैठाकर समझाया गया। मामले में किसी प्रकार की एफआईआर या कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और आपसी सहमति से प्रकरण सुलझा लिया गया।

इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। X, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर लाखों लोग इस “हाई-वोल्टेज लव ड्रामा” को देख चुके हैं। किसी ने इसे साहस कहा, तो किसी ने लापरवाही—लेकिन कुछ घंटों के लिए मावीमीरा गांव पूरे प्रदेश की सुर्खियों में जरूर आ गया।