सीएम सामूहिक विवाह समारोह संपन्न

मेरठ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: 106 हिंदू + 64 मुस्लिम जोड़ों का विवाह संपन्न। धनराशि बढ़कर 1 लाख, 60 हजार कन्या खाते में सीधे। गरीब बेटियों को बड़ा सहारा!

सीएम सामूहिक विवाह समारोह संपन्न
HIGHLIGHTS:

➡️ मेरठ में 170 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह-निकाह
➡️ 106 हिंदू और 64 मुस्लिम जोड़े एक मंच पर बंधे बंधन में
➡️ गरीब परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही योजना
➡️ ऑनलाइन आवेदन: https://cmsvy.upsdc.gov.in
➡️ सौहार्द, सम्मान और सरकार की संवेदना का जीता-जागता प्रमाण

मेरठ में 170 नवविवाहित जोड़ों ने रस्मों और निकाह के साथ शुरू किया नया सफ़र

जन माध्यम 
मेरठ।
सामाजिक सौहार्द और मानवीय संवेदना का ऐसा उत्सव देखा, जिसने हर दिल को छू लिया। कुराली बागपत रोड स्थित अवतार एस्टेट एंड वेडिंग वेन्यू भव्य साज-सज्जा के साथ तब एक पवित्र मंडप में बदल गया जब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत 106 हिंदू और 64 मुस्लिम, कुल 170 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। रीति-रिवाजों, रस्मों और निकाह की गूंज के बीच खुशी, सम्मान और समानता की सुंदर मिसाल देखने को मिली।विकास खंड जानीखुर्द के 19, रोहटा के 18, मेरठ शहर के 18, रजपुरा के 10, हस्तिनापुर के 6, नगर निगम मेरठ के 50, नगर पंचायत सिवालखास के 10 और अन्य विकासखंडों व निकायों के 26 जोड़ों ने कार्यक्रम में विवाह,निकाह सम्पन्न किया। यह आयोजन उन गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं, जिनके लिए बेटियों का विवाह आर्थिक बोझ बन जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष  गौरव चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह योजना उत्तर प्रदेश के गरीब परिवारों की बेटियों के जीवन में नई रोशनी भर रही है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा यह योजना साबित करती है कि सरकार की संवेदनशीलता सिर्फ कागजों में नहीं, जमीनी स्तर पर भी दिखाई देती है। अब किसी भी गरीब बेटी का हाथ खाली नहीं रहेगा। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जानी, अनय मिश्रा उपायुक्त स्वत रोजगार, सुनील कुमार सिंह जिला समाज कल्याण अधिकारी,अनुपम यादव जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत कई अधिकारी और समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी  सुनील कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री द्वारा योजना की धनराशि ₹51,000 से बढ़ाकर ₹1,00,000 कर दी गई है। इसमें ₹60,000 सीधे कन्या के खाते में, ₹25,000 उपहार सामग्री के रूप में और ₹15,000 आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। पात्र लोग आधिकारिक वेबसाइट https://cmsvy.upsdc.gov.in
से ऑनलाइन आवेदन कर लाभ ले सकते हैं।
यह आयोजन साबित करता है कि जब सरकार की नीयत, समाज की संवेदना और गरीब परिवारों की उम्मीदें एक मंच पर मिलती हैं, तो ऐसे ही यादगार और मानवीय क्षण जन्म लेते हैं।