मथुरा: पुलिस दमन मजदूरों की आवाज उठाने से नहीं रोक सकता- मुकेश धनगर
गोविंद नगर पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
जिला कांग्रेस कार्यालय पर पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रेस वार्ता आयोजित।
स्वीटी सुपारी फैक्ट्री के मजदूरों का पक्ष जानने पहुंचे मुकेश धनगर को पुलिस ने लिया था हिरासत में।
श्याम बिहारी भार्गव। जन माध्यम
मथुरा। जिला कांग्रेस कमेटी के सेठबाड़ा स्थित कार्यालय पर गोविंद नगर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला।
मुकेश धनगर ने बताया कि वे वेतन विसंगति के मुद्दे पर आंदोलन कर रहे स्वीटी सुपारी फैक्ट्री के श्रमिकों की समस्याओं की जानकारी लेने गए थे। इसी दौरान, जब वे एक मीडियाकर्मी से चर्चा कर रहे थे, तब गोविंद नगर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। धनगर ने इस कार्रवाई को विपक्ष के लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई मजदूरों के शोषण में प्रशासन की संलिप्तता का प्रमाण है।
जैसे ही जिलाध्यक्ष को हिरासत में लेने की खबर फैली, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने पर धरना शुरू कर दिया। बाद में सीओ सिटी आशना चौधरी के हस्तक्षेप और वार्ता के बाद उन्हें छोड़ा गया। प्रेस वार्ता में पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने पुलिस के व्यवहार को अमानवीय बताते हुए इसकी रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को भेजने की बात कही। इस दौरान वैद्य मनोज गौड़, आदित्य तिवारी, प्रेम शंकर शर्मा सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।