नई सड़क एक महीने में उखड़ी, भ्रष्टाचार के आरोप

मथुरा के सीडीएस नगर में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप। एक महीने में ही उखड़ने लगी सड़क, नालियों की हालत भी खराब।

नई सड़क एक महीने में उखड़ी, भ्रष्टाचार के आरोप
HIGHLIGHTS:

एक महीने में उखड़ गई नई आरसीसी सड़क

मानकों की अनदेखी का आरोप

नालियों में गंदगी से जलभराव का खतरा

शिकायत के बाद भी प्रशासन की चुप्पी

जन माध्यम । मथुरा

जनता ने सड़क मांगी थी सफर आसान करने के लिए लेकिन मिली ऐसी सड़क, जो खुद ही बिखर गई क्या यही विकास है?

एक महीने में उखड़ गई नई सड़क

महोली रोड स्थित सीडीएस नगर की पहली गली में बनी आरसीसी सड़क निर्माण के महज एक महीने के भीतर ही उखड़ने लगी है। सड़क की हालत देखकर स्थानीय लोग हैरान हैं और इसे खुला भ्रष्टाचार बता रहे हैं। जिस सड़क से राहत मिलने की उम्मीद थी, वही अब परेशानी का कारण बन गई है।

मानकों के खिलाफ हुआ निर्माण

मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं निर्भय सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्याम बिहारी भार्गव सहित कई स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि केवल 1 से 2 इंच तक ही आरसीसी डाली गई, जो बेहद गंभीर लापरवाही है और सीधे-सीधे भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है।

नालियों की बदहाली से बढ़ा खतरा

सड़क के दोनों ओर बनी नालियों की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। नालियों में मलवा भरा हुआ है और कई स्थानों पर रुकावट होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है। इससे आसपास के मकानों की नींव में पानी भरने का खतरा पैदा हो गया है, जो भविष्य में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

शिकायत के बाद भी प्रशासन खामोश

नगर आयुक्त और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हालात जस के तस बने हुए हैं। सड़क जगह-जगह से उखड़ रही है और नालियों की सफाई तक नहीं कराई जा रही। सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार कब जागेंगे?

जवाबदेही पर उठे सख्त सवाल

यह मामला सिर्फ एक सड़क का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। जनता अब जवाब चाहती है—क्या इस भ्रष्टाचार पर कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?