मीन महोत्सव में जुटेंगे 1000 मत्स्य पालक
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 27-28 फरवरी 2026 को दो दिवसीय मीन महोत्सव आयोजित होगा। 1000 मत्स्य पालक भाग लेंगे, 75 जनपदों में सीधा प्रसारण होगा। आधुनिक तकनीक, कंपनियों के स्टॉल और फिश फूड कोर्ट आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
27-28 फरवरी को दो दिवसीय आयोजन
1000 मत्स्य पालक होंगे शामिल
75 जनपदों में सीधा प्रसारण
आधुनिक तकनीक व फिश फूड कोर्ट आकर्षण
जन माध्यम
बरेली। प्रदेश में मत्स्य पालन को लाभकारी और आधुनिक व्यवसाय के रूप में स्थापित करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। 27 और 28 फरवरी 2026 को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दो दिवसीय मीन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी प्रदेश के मत्स्य विकास मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने बरेली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन मत्स्य पालन क्षेत्र में नई तकनीकों के प्रसार, उद्यमिता को बढ़ावा देने और पालकों की आय में वृद्धि का मजबूत मंच बनेगा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 1000 मत्स्य पालकों की भागीदारी प्रस्तावित है। कार्यक्रम में 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां अपने स्टॉल लगाकर आधुनिक उपकरण, फिश फीड, हैचरी तकनीक और प्रसंस्करण इकाइयों से जुड़ी नवीनतम जानकारियां साझा करेंगी।
महोत्सव में तकनीकी सत्र, प्रस्तुतीकरण और विशेषज्ञों के व्याख्यान भी आयोजित होंगे। देश और प्रदेश के प्रमुख वैज्ञानिक व उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे। खास बात यह है कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी 75 जनपदों में कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मत्स्य पालक, युवा उद्यमी और छात्र इससे लाभ उठा सकें।
आकर्षण का केंद्र ‘फिश फूड कोर्ट’ रहेगा, जहां मछली से बने विविध व्यंजनों का प्रदर्शन और स्वाद उपलब्ध होगा। साथ ही प्रोटीन के महत्व, पोषण सुरक्षा और स्वास्थ्य लाभों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन मत्स्य पालन को रोजगार और आय वृद्धि का सशक्त माध्यम बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।