विडम्बना: दस वर्ष बाद भी नहीं मिला रिछा सीएचसी को सीएचसी का दर्जा: रिछा राइस मिलर एसोसिएशन ने सीएचसी का कोर्ड दिलाने को मुख्यमंत्री और के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र
1. केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के सांसद प्रतिनिधि ने मिलर्स के साथ की मीटिंग
2. मुंडिया नबी बख्श पीएचसी के नाम से ही संचालित है सीएचसी
इकरार अली
देवरनियां, बरेली। बहेड़ी विधानसभा के सपा के विधायक और पूर्व मंत्री अताउर्रहमान के प्रयासों से कस्बा रिछा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) का निर्माण तो हो गया। मगर, दस वर्ष बीत जाने के बावजूद अभी इसे सीएचसी का दर्जा (कोर्ड) नहीं मिला है, जिससे यह दस वर्षों से पीएचसी मुंडिया नबी बख्श के नाम से ही संचालित हो रही है। अब इस दिशा में रिछा राइस मिलर एसोसिएशन अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी ने जागरूकता दिखाते हुए सूबे के मुख्यमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, केंद्रीय मंत्री और सीएमओ को पत्र भेजकर सीएचसी का कोर्ड दिलाने और जन औषधि केन्द्र खोलने की मांग की है। उधर केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के सांसद प्रतिनिधि की राइस मिलर्स के साथ हुई बैठक में भी समस्याओं को रखा गया।
जिले की सबसे बड़ी और पुरानी नगर पंचायत का गौरव हासिल करने वाली नगर पंचायत रिछा, जोकि देश-विदेश में बासमती चावल की खुशबू बिखेरने वाला चावल का हब भी कहलाता है। इस नगर पंचायत में स्वास्थ्य सुविधाओं की जरुरत को महसूस करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2015 में आनन-फानन में इसे संचालित तो करा दिया गया, मगर यह मुंडिया नबी बख्श पीएचसी के नाम से ही संचालित हो रही है, आज तक सीएचसी का कोर्ड दिलाने की न जनप्रतिनिधियों की तरफ से कोई खास पहल की गई और न ही महकमे के अफसरों ने कोशिश की। अगर सीएचसी का कोर्ड मिल जाता है, तो सीएचसी में सीएचसी को मिलने वाली तमाम सुविधाएं मिलने लगेगीं और यह फिर सीएचसी के नाम से ही संचालित होगी और बजट भी उसी हिसाब से मिलेगा। विकास और जन समस्याओं के मुद्दे उठाकर उनका समाधान कराने वाले रिछा राइस मिलर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी ने सीएचसी को उसका दर्जा (कोर्ड) दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और सीएमओ को पत्र लिखा है। इसके अलावा उन्होंने सीएचसी पर जन औषधि केंद्र खोलने की मांग को लेकर भी पत्र लिखा है।
केन्द्रीय मंत्री के सांसद प्रतिनिधि के सामने भी रखी समस्याएं
शुक्रवार को देर शाम हुसैन राइस मिल पर केंद्रीय मंत्री और पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र से क्षेत्रीय सांसद जितिन प्रसाद के कार्यक्रम को लेकर एक मीटिंग का आयोजन हुआ। रिछा राइस मिलर एसोसिएशन अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी की अध्यक्षता में मीटिंग हुई इस मीटिंग में जितिन प्रसाद के सांसद प्रतिनिधि रवि मल्होत्रा और बहेडी ब्लॉक प्रमुख अमरिंदर सिंह गोल्डी, बहेड़ी राइस मिलर एसोसिएशन अध्यक्ष नईम अहमद समेत तमाम भाजपा के नेता शामिल हुए। मीटिंग में रिछा राइस मिलर एसोसिएशन अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी ने ग्राम डांडी हमीर से बैकरशाहपुर तक का रोड डलवाने की बात रखी, जिसको लेकर सांसद प्रतिनिधि ने तुरंत इस रोड को लेकर फ़ोन पर बात करके रोड को कार्ययोजना में शामिल कराया। और राइस मिलर एसोसिएशन की तरफ से रिछा में होने वाले केंद्रीय मंत्री के स्वागत समारोह को लेकर भी खास तौर से चर्चा हुई। सांसद प्रतिनिधि ने जगह का मुआयना किया और जल्द केन्द्रीय मंत्री के कार्यक्रम के लिए भरोसा दिलाया।
मीटिंग में उपाध्यक्ष नदीम अहमद गुड्डू, अलीम अहमद, अब्दुल क़ासिम, मोहम्मद इस्लाम, बाबू ज़ुबैर अहमद, राशिद नियाजी, वकील अहमद, शकील अहमद चच्चा, अक़ील अहमद, अनवार डियर, साद नियाज़ी, आदिल अहमद,शकील अहमद, तफ़सीर अहमद, शाहजेब, बाबू आतिफ़, आज़म, मुबेस, साहिल आदि तमाम लोग शामिल हुए।