जनसेवा को समर्पित रहा आईपीएस डॉ. राकेश सिंह का सफर, विदाई के मौके पर छलका भावनाओं का सैलाब

जनसेवा को समर्पित रहा आईपीएस डॉ. राकेश सिंह का सफर, विदाई के मौके पर छलका भावनाओं का सैलाब
HIGHLIGHTS:

1. अधिकारियों और जवानों ने नम आंखों से दी विदाई
2. ​​​​​​​टेक्नोलॉजी से जोड़ा पुलिस सिस्टम, महिला सुरक्षा बनी प्राथमिकता

बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. राकेश सिंह का बरेली से विदाई समारोह भावुक पलों से भरा रहा। एक मई को आयोजित समारोह में पुलिस महकमे के अफसरों से लेकर आमजन तक की आंखें नम थीं। सभी ने अपने चहेते अधिकारी को सम्मान और स्नेह के साथ विदा किया।

डॉ. राकेश सिंह ने अपने सेवा जीवन की शुरुआत 1986 बैच के पीपीएस अधिकारी के रूप में की, उन्होंने 21 साल की उम्र में पुलिस विभाग जॉइन किया। 2003 में प्रमोट होकर IPS बने। 6 जिलों के कप्तान रहे और बड़े रेंज में डीआईजी/आईजी की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने शुरुआत से ही अनुशासन, ईमानदारी और जनहित को अपनी प्राथमिकता बनाया। अलग-अलग जनपदों में सेवाएं देते हुए उन्होंने जहां अपराध नियंत्रण में सख्ती दिखाई, वहीं आमजन के प्रति संवेदनशीलता का भाव भी बनाए रखा।

बरेली में अपने कार्यकाल के दौरान आईजी डॉ. राकेश सिंह ने पुलिसिंग को नई दिशा दी। माफिया, संगठित अपराध और नशे के कारोबार पर करारी चोट की। कई बड़े मामलों का खुलासा कर पुलिस की छवि को मजबूती दी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और थानों को सक्रिय किया।

टेक्नोलॉजी से जोड़ा पुलिस सिस्टम, महिला सुरक्षा बनी प्राथमिकता
उन्होंने पुलिस महकमे में तकनीकी सुधारों को बढ़ावा दिया। एफआईआर की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया, जिससे पीड़ितों को राहत मिली। थानों में महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाया गया। ‘विनम्र प्रहरी’ जैसी पहल ने महिलाओं के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत किया।

भ्रष्टाचार पर सख्त रुख, पुलिस विभाग में अनुशासन की मिसाल
आईजी ने विभागीय अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया। पारदर्शिता बढ़ाने के लिए थानों में निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त किया। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए कई अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की।

विदाई के दौरान डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि मैंने हमेशा जनता की सेवा को ही अपना धर्म माना है। जो स्नेह और सहयोग बरेली की जनता व पुलिस बल से मिला, उसे कभी नहीं भूलूंगा।

विदाई समारोह में एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश कुमार, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, एसपी क्राइम मुकेश प्रताप सिंह, सीओ फर्स्ट आशुतोष शिवम, सीओ सेकंड अजय कुमार, सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव, सीओ फरीदपुर संदीप कुमार, सीओ नवाबगंज गौरव सिंह सहित तमाम थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने डॉ. सिंह को भावभीनी विदाई दी।