लेडी सिंघम’ बनीं आईपीएस अंशिका वर्मा, मिला ब्रेवरी अवार्ड, गूंजा नाम लखनऊ तक

लेडी सिंघम’ बनीं आईपीएस अंशिका वर्मा, मिला ब्रेवरी अवार्ड, गूंजा नाम लखनऊ तक
HIGHLIGHTS:

1. वीरता, नेतृत्व और सेवा के लिए महिला अधिकारियों को मिला गौरवपूर्ण सम्मान

बरेली। अगर आपको लगता है कि पुलिस की वर्दी बस रौब दिखाने के लिए होती है, तो ज़रा बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात आईपीएस अंशिका वर्मा को देख लीजिए। दिल में जनता की सेवा का जज़्बा, आँखों में कानून की तेजी और हाथ में कर्तव्य की कमान लिए ये अफसर अब सिर्फ बरेली की नहीं, पूरे यूपी की शान बन गई हैं। महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकीं आईपीएस अंशिका वर्मा को रेडियो सिटी स्पेशल 26 ब्रेवरी अवार्ड से नवाज़ा गया है। और वो भी किसी आम श्रेणी में नहीं, बल्कि विशेष श्रेणी सम्मान में – यानी टॉप 5 में। 

डीजीपी यूपी पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बीते एक वर्ष के दौरान साहसिक कार्य, विवेचना, कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में सक्रिय योगदान देने वाली महिला अधिकारियों को चुना गया। आईपीएस अंशिका वर्मा ने अपने कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार, अनुकरणीय नेतृत्व और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में किए गए प्रयासों से न केवल पुलिस विभाग का मान बढ़ाया है, बल्कि वे आज महिलाओं के लिए एक प्रेरणास्त्रोत बनकर उभरी हैं। उनके साथ देश भर से चयनित अन्य 25 महिला पुलिस अधिकारी भी इस सम्मान से नवाज़ी गईं। अंशिका वर्मा को यह सम्मान उनके बेहतरीन नेतृत्व कौशल, चुनौतियों से न डरने वाले साहस और जनता के साथ समन्वय पूर्ण व्यवहार के लिए प्रदान किया गया।

बरेली पुलिस की ओर से अंशिका वर्मा सहित सभी सम्मानित महिला अधिकारियों को हार्दिक बधाई दी गई है। विभाग ने उनके उज्ज्वल भविष्य और लगातार सफलता की कामना भी की है।