अज्ञात वाहन की टक्कर से पेंटर की मौत, साथी गंभीर घायल
हाफिजगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से पेंटर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
➡️ अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
➡️ पेंटर बबलू की मौके पर मौत
➡️ साथी राम प्रकाश गंभीर घायल
➡️ काम से लौटते समय हादसा
➡️ पुलिस वाहन की तलाश में
जनमाध्यम
बरेली। थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव सवारखेड़ा निवासी 40 वर्षीय बबलू की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों काम समाप्त कर घर लौट रहे थे।
मृतक के भाई राम अवतार ने बताया कि बबलू गांव के ही रहने वाले राम प्रकाश के साथ बरेली में पेंटर का काम कर शाम को बाइक से अपने गांव सवारखेड़ा लौट रहा था। जैसे ही वे खाता गांव के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में राम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल राम प्रकाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बबलू अविवाहित था और पेंटर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जांच कर रही है।