रफ्तार ने उजाड़ दिया एक घर
गुड़गांव सड़क हादसे में शाही के 22 वर्षीय डिलीवरी बॉय मंगल सेन की मौत, एक हफ्ते पहले ही रोज़गार की तलाश में गया था बाहर
➡️ गुड़गांव में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
➡️ शाही क्षेत्र के नारा फरीदापुर गौटीया गांव का निवासी था मंगल सेन
➡️ फूड डिलीवरी बॉय के रूप में करता था काम
➡️ एक सप्ताह पहले ही रोजगार के लिए गया था बाहर
➡️ मौके पर ही हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
➡️ दो साल पहले हुई थी शादी, पत्नी बदहवास
➡️ गांव में शोक की लहर, हर आंख नम
जन माध्यम
दीनानाथ कश्यप। शाही (बरेली)।
हरियाणा के गुड़गांव में हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में शाही क्षेत्र के 22 वर्षीय युवक मंगल सेन की मौत हो गई। रविवार रात यह दुखद सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के सदस्य ग्रामीणों के साथ तुरंत गुड़गांव के लिए रवाना हो गए। युवक की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार शाही क्षेत्र के नारा फरीदापुर गौटीया गांव निवासी मंगल सेन, पुत्र बाबूराम, गुड़गांव में फूड डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करता था। वह एक स्थान से दूसरे स्थान पर ग्राहकों तक ऑर्डर पहुंचाने का काम करता था। रविवार को भी वह किसी ग्राहक का ऑर्डर लेकर जा रहा था, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि मंगल सेन की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि मंगल सेन एक सप्ताह पहले ही गांव से रोजगार के लिए गुड़गांव गया था। रविवार रात जैसे ही सड़क हादसे में उसकी मौत की खबर मिली, परिवार के सदस्य और ग्रामीण तुरंत गुड़गांव पहुंच गए। युवक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद शव को गांव लाया जाएगा।
मंगल सेन की करीब दो वर्ष पहले शादी हुई थी। पति की असमय मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगल अपने भाइयों में मंझला था। उसके बड़े भाई का नाम नवल किशोर और छोटे भाई का नाम अजय कुमार है। पिता बाबूराम गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं और बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं।
युवक की मौत से नारा फरीदापुर गौटीया गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है।
यह हादसा केवल एक परिवार का नुकसान नहीं, बल्कि पूरे गांव का दर्द बन गया है।