मारपीट में घायल बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत

बरेली के भुता थाना क्षेत्र में मारपीट में घायल 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी।

मारपीट में घायल बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत
HIGHLIGHTS:

➡️ भुता थाना क्षेत्र के गांव लहइया की घटना
➡️ 85 वर्षीय गंगा देवी की इलाज के दौरान मौत
➡️ 13 दिसंबर को शराब के नशे में हुई मारपीट
➡️ लाठी-डंडों और बांके से हमला
➡️ कई परिजन और बच्चे भी घायल

जन माध्यम। बरेली।

जनपद के थाना भुता क्षेत्र के गांव लहइया निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंगा देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

मृतका के नाती अजय ने पोस्टमार्टम के दौरान बताया कि 13 दिसंबर को गांव का ही रहने वाला नन्हे सर शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और बांके से हमला कर दिया।

इस हमले में परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें गंगा देवी को सबसे अधिक चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से गंगा देवी समेत अन्य घायलों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल थे, को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

गंगा देवी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां देर रात अचानक उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपियों के खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई नहीं हुई है और उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि 13 दिसंबर की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।