नामांकन वृद्धि के लिए प्रयास: बच्चों को बांटी निशुल्क स्टेशनरी, सम्मान पाकर खिल उठे नौनिहालों के चेहरे
1. उच्च प्राथमिक विद्यालय मुंडिया जागीर में बीईओ ने छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
देवरनियां, बरेली। ब्लॉक दमखोदा (रिछा) के उच्च प्राथमिक विद्यालय मुड़िया जागीर में शनिवार को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित छात्रों एवं वार्षिक परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को खंड शिक्षा अधिकारी ने सम्मानित किया। इसके अलावा नामांकन वृद्धि के तहत इंचार्ज प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों को निशुल्क स्टेशनरी दी गई।
नगर पंचायत देवरनियां के कस्बा मुंडिया जागीर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश कुमार ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित हुए विघालय के छात्र-छात्राओं और वार्षिक परीक्षा में मेधावियों छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री मोहम्मद हसन द्वारा नामांकन वृद्धि के प्रयासरत के अंतर्गत सभी बच्चों को निशुल्क स्टेशनरी प्रदान की गई। इससे बच्चे खुशी से झूम उठे। खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश कुमार ने विद्यालय के शैक्षिक एवं भौतिक वातावरण की प्रशंसा की और बच्चों से प्रश्न किए। बच्चों ने प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए, इससे खंड शिक्षा अधिकारी बहुत खुश हुए। इस अवसर पर सहायक अध्यापिका शैली जौहरी, रचना सक्सेना, अनुदेशक मिथिलेश कुमारी उपस्थित रहे।