दूषित भूसा खाने से पांच पशु बीमार, दो की मौत
शाही के लमकन उर्फ चकरपुर गांव में दूषित भूसा खाने से एक भैंस और एक पड़ड़े की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पशु गंभीर रूप से बीमार हैं। पशु चिकित्सक और पुलिस जांच में जुटी है।
➡️ दूषित भूसा खाने से पशुओं की हालत बिगड़ी
➡️ एक भैंस व एक पड़ड़े की मौत
➡️ दो भैंसें और एक पड्डा गंभीर
➡️ पशु चिकित्सक ने लिए सैंपल
➡️ लैब रिपोर्ट का इंतजार
दीनानाथ कश्यप / जन माध्यम
शाही (बरेली)। क्षेत्र के लमकन उर्फ चकरपुर गांव में दूषित भूसा खाने से एक भैंस और एक पड्डे की मौत हो गई, जबकि दो भैंसें और एक पड्डा गंभीर रूप से बीमार हो गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। मृत पशुओं की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पशुपालक निसार वी ने एक दिन पहले गांव के ही एक युवक से भूसा खरीदा था। रात में जब वही भूसा पशुओं को खिलाया गया तो कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। देर रात एक भैंस और एक पड़ड़े ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन पशुओं की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पीड़ित पशुपालक ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पशु चिकित्सक हरिशंकर भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृत पशुओं के सैंपल लेकर पोस्टमार्टम व लैब जांच के लिए भेजे।
पशुपालक ने भूसे में किसी नशीले या जहरीले पदार्थ की मिलावट की आशंका जताई है। हालांकि, गांव के कुछ लोगों का कहना है कि भूसा बेचने वाले व्यक्ति ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया होगा और उन्होंने उसके पक्ष में बात रखी है।
पशु चिकित्सक हरिशंकर ने बताया कि सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं थानाध्यक्ष राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।