सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी शिकायतें, दिए निर्देश...
बरेली। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील फरीदपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनसामान्य की समस्याओं को सुनकर उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि समस्याओं का समाधान पारदर्शिता के साथ किया जाए और शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक भी लिया जाए। समाधान दिवस में राजस्व, राशन, विद्युत, अवैध कब्जा, पुलिस, चकबंदी, स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास विभाग से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। तहसील क्षेत्र में आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक शिकायत वाले गांवों का भ्रमण करें और सभी समस्याओं का सौ प्रतिशत समाधान सुनिश्चित करें।
इसके अलावा शिकायत का निस्तारण करने के बाद संबंधित अधिकारी को शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि जिन गांवों में गलत मीटर रीडिंग की शिकायतें अधिक आ रही हैं वहां विशेष अभियान चलाकर समस्या का निस्तारण किया जाए।
फार्मर आईडी और युवा उद्यमी योजना की समीक्षा
तहसील फरीदपुर के कुछ गांवों में किसानों की फार्मर आईडी कम बन रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपालों को निर्देश दिए कि ऐसे गांवों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं। जहां पोर्टल पर जानकारी अपडेट नहीं हो रही है। इसके अलावा जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टालों का भी अवलोकन किया।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, एसपी दक्षिण अंशिका वर्मा, उपजिलाधिकारी फरीदपुर गुलाब चंद्र अग्रहरि सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।