दहेज की मांग पर विवाहिता को घर से निकाला, पति समेत 8 पर केस दर्ज
शाही, बरेली में दहेज की अतिरिक्त मांग पर विवाहिता को ससुरालियों ने घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
➡️ दहेज की बुलेट और 2 लाख रुपये की मांग बनी प्रताड़ना की वजह
➡️ विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला गया
➡️ पति समेत 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
➡️ पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की
➡️ निष्पक्ष जांच और आगे की कार्रवाई का भरोसा
बुलेट और दो लाख की मांग बनी प्रताड़ना की वजह, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
दीनानाथ कश्यप/ जन माध्यम
शाही,बरेली। थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। तीन माह पूर्व ससुरालियों द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल देने के मामले में पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला बली नगर निवासी जाकीर खां ने अपनी बेटी नेहा की शादी 5 मई 2023 को थाना शीशगढ़ क्षेत्र के गांव खजुरिया, जिला रामपुर निवासी जरीफ खां पुत्र बली अहमद के साथ मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार धूमधाम से की थी। शादी के समय लड़का पक्ष की ओर से किसी प्रकार की दहेज मांग नहीं की गई थी। पीड़िता के पिता ने भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने में कोई कमी नहीं छोड़ी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे। बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। दहेज न लाने पर उसे गालियां दी जातीं और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। इस दौरान कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन ससुरालियों के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया। पीड़िता का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले ससुरालियों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और धक्का देकर घर से निकाल दिया। वह फटे पुराने कपड़ों में किसी तरह मायके पहुंची। इसके बाद भी उसने कई बार ससुराल लौटने की कोशिश की, लेकिन दहेज की मांग पर ससुराल पक्ष अड़ा रहा।
हारकर पीड़िता ने शाही थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पति जरीफ खां, ससुर बली अहमद, सास, सच्चाओ, जेठ रफीक, शमीम, देवर नसीम, ननद रीना और ननदोई नईम निवासी धर्मपुरा थाना शीशगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।