समाधान दिवस में डीएम ने सुनी लोगों की फरियाद, अफसरों को दी फटकार....
1. 14 को मिले अंत्योदय कार्ड
Bareilly News: नवाबगंज तहसील सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. एम. पी. आर्य भी उपस्थित रहे। डीएम ने जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में अवैध कब्जा, पेंशन, राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। औरंगाबाद निवासी ने खेत की पैमाइश कराकर चकरोड से कब्जा हटवाने की मांग की। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के चयन में अनियमितता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में शामिल है। सभी अधिकारी प्रत्येक कार्य दिवस सुबह 10 से 12 बजे तक कार्यालय में मौजूद रहकर जनसमस्याएं सुनें और उनका समाधान करें। उन्होंने हफ्ते में तीन दिन फील्ड में जाने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने आईजीआरएस पर लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि आवश्यक है और फीडबैक अवश्य लिया जाए। डिफाल्टर विभागों को चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। समाप्ति पर डीएम ने 14 पात्र लाभार्थियों को अंत्योदय कार्ड वितरित किए और समाधान दिवस रजिस्टर का निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं से संवाद किया। अधिकतर शिकायतों का निस्तारण न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।