मंडलीय खादी ग्राम उद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ, योगी सरकार में प्रदेश में उद्योग धंधे का विकास हो रहा है बोले- मंत्री धर्मपाल
बरेली। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में उद्योग - धंधे लगातार विकास कर रहे हैं। इसके लिए सरकार ने सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि खादी ग्रामोद्योग को लेकर सरकार गंभीर है। खादी को प्रोत्साहित करने के लिए मंडल स्तर पर खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। सिंह गुरुवार को विशप मंडल इंटर कालेज के मैदान में आयोजित बरेली खादी महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खादी ग्रामोद्योग के जरिए विभिन्न उत्पादों का निर्माण किया जा सकता है। इसके जरिए तमाम बेरोजगार को रोजगार देकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इसके लिए सरकार ने विभिन्न ऋण योजनाएं संचालित कर रही है और इसके जरिए लाभांवित हो रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने भी इस अवसर पर सरकार के द्वारा संचालित खादी ग्रामोद्योग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की तमाम योजनाएं लोगों को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करेगी। महोत्सव में करीब सौ स्टाल लगाए गए हैं इन पर खादी ग्रामोद्योग के माध्यम से बने उत्पाद को सजाया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने सभी स्टाल देखें और इन लोगों से उत्पाद की गुणवत्ता की जानकारी हासिल की। इस अवसर पर जिला एवं परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अजय पाल, डॉ उज्जवल कुमार समेत तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।