स्मार्ट सिटी में 60 करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य, नगर निगम ने तैयार किया प्रस्ताव

स्मार्ट सिटी में 60 करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य, नगर निगम ने तैयार किया प्रस्ताव

बरेली। स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम ने 15वें वित्त आयोग से मिले अनुदान से शहर में 60 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने का खाका तैयार किया है। इस राशि से सड़क और नाली निर्माण के कार्य किए जाएंगे। सोमवार को नगर निगम की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।

नगर निगम ने शहर के विभिन्न वार्डों में जरूरी निर्माण कार्यों के लिए पार्षदों से सुझाव मांगे थे। इसके बाद कई छोटे-बड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।

मेयर डॉ. उमेश गौतम ने बताया कि 15वें वित्त आयोग के बजट से शहर के कई वार्डों में सड़क और नाली निर्माण का कार्य होगा। विशेष रूप से उन इलाकों में प्राथमिकता दी जाएगी जहां की हालत ज्यादा खराब है। यह कार्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत बरेली के विकास को गति देने के लिए किए जा रहे हैं। नगर निगम की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इन इलाकों में होंगे प्रमुख निर्माण कार्य

  • सुभाषनगर में मुख्य नाले के साथ 18 छोटी नालियों का निर्माण किया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या दूर हो सके।रेलवे अंडरपास से मुख्य मार्केट तक 1.40 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण होगा।
  • खन्ना बिल्डिंग से तपेश्वरनाथ मंदिर तक 1.5 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड और नाली बनाई जाएगी।
  • वार्ड 10 में प्रीति विहार से संभव अस्पताल तक सड़क का निर्माण होगा।
  • वार्ड 26 में कुर्मांचल नगर कॉलोनी में आरसीसी नाली और सड़क बनाई जाएगी।
  • वार्ड 54 और 61 में धोबी चौराहा से दिव्य प्रकाश प्रेस होते हुए रेलवे लाइन तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव है।
  • वार्ड 55 में कृष्णा होम्स के सामने मिनी बाईपास रोड से अतुल मिश्रा के मकान तक सड़क बनेगी।
  • वार्ड 46 में मिनी बाईपास रोड पर भसीन ट्रेडर्स से हार्टमन कॉलेज गेट नंबर दो होते हुए रामलीला ग्राउंड के मुख्य द्वार तक साइड पटरी, नाली और हॉट मिक्स सड़क बनाई जाएगी।
  • वार्ड 60 (शाहदाना क्षेत्र) में शहामतगंज चौराहा से साहू गोपीनाथ चौराहा और बांस मंडी रोड होते हुए फूल चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण और नाली मरम्मत का कार्य होगा।