दबंगो ने की मुंडिया टोल प्लाजा कर्मियों से मारपीट, चार कारों पर सवार होकर आए युवकों ने की जमकर गुंडागिर्दी का वीडियो वायरल
बहेड़ी, बरेली। मुड़िया टोल प्लाजा पर बीती रात टोल देने को लेकर दबंगों ने टोल प्लाजा कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। घटना से वहां हड़कंप मच गया। दबंगों ने टोल प्लाजा के केबिन के शीशे तोड़ डाले। घटना से टोल पर करीब आधे घंटे तक हड़कंप मचा रहा। टोल कर्मियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने से पहले ही दबंग फरार हो गए।
टोल न देने पर कर्मचारियों ने किया विरोध तो आगबबूला हुए दबंग
रवि कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात साढ़े 11 बजे करीब तीन कार सवार 15-20 लड़के बिना पैसे दिए टोल से निकले की जिद कर रहे थे, लेकिन कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो उन्होंने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरु कर दी, और टोल के शीशे तोड़ दिए। इस घटना में कई कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी के जरिए आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इन लड़कों का टोल पर पहले भी कई बार हो चुका है विवाद
टोल प्लाजा कर्मचारियों ने बताया कि इन लड़कों ने पहले भी कई बार टोल पर हंगामा किया था। इन लड़कों ने टोल का चार बार बूम तोड़ा था। मामला पुलिस के संज्ञान में भी डाला गया था लेकिन कोई कार्रवाई न होने के कारण इन लोगों के हौसले बुलंद थे। इसी तरह इन्होंने शुक्रवार रात को भी हंगामा शुरु कर दिया। जिसमें कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और टोल प्लाजा के शीशे तोड़ दिए। बहेड़ी के पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि इस मामले में चार नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इनके खिलाफ लिखा गया मुकदमा
मीरगंज निवासी अमन रंधावा, मीरगंज के बिहारीपुर निवासी आदित्य सारन, सूर्या, विनय, बहेड़ी निवासी आर्दश, मीतापुर जागीर निवासी निश्चय, सकरस निवासी अरुण समेत 12 लोगों के खिलाफ बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इन आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस ने बताया कि जल्द की इन आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।