एसएसपी का बड़ा एक्शन: अल-कायदा के आतंकी समेत 31 कुख्यात अपराधियों की कुंडली तैयार...

एसएसपी का बड़ा एक्शन: अल-कायदा के आतंकी समेत 31 कुख्यात अपराधियों की कुंडली तैयार...
अनुराग आर्य, एसएसपी बरेली 
HIGHLIGHTS:

1. जिलेभर के अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट

बरेली। जिले में अपराधियों के लिए अब बुरे दिन शुरू हो गए हैं। अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। आतंकवाद, गो-तस्करी, नशा तस्करी और वाहन चोरी जैसे संगीन मामलों में लिप्त 31 दुर्दांत अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। इस लिस्ट में वो नाम भी शामिल है जो देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुका था जिसमें अल-कायदा से जुड़ा आतंकी मोहम्मद इनामुल हक भी शामिल है।

शहर के किला थाना क्षेत्र की रियाज कॉलोनी का रहने वाला मोहम्मद इनामुल हक 2020 में लखनऊ एटीएस की गिरफ्त में आया था। वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेल रहा था और अल-कायदा के लिए भर्ती अभियान चला रहा था। जांच में सामने आया कि वह "लाइफ इन फॉर जिहाद" नामक आतंकी ग्रुप का हिस्सा था। अदालत ने नवंबर 2024 में उसे 10 साल की कठोर सजा सुनाई और 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। नामुल के आतंकी नेटवर्क में जम्मू-कश्मीर से शकील अहमद डार उर्फ इकबाल कुरैशी, केरल से आयशा, आदिल केएस और मोहम्मद वकास खान जैसे नाम शामिल थे। इन लोगों ने भारत में बड़े आतंकी हमले की साजिश रची थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

जिलेभर के अपराधियों की कुंडली तैयार


एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में मीरगंज, बहेड़ी, शीशगढ़, प्रेमनगर, अलीगंज और फतेहगंज पश्चिमी समेत कई इलाकों के कुख्यात अपराधियों को हिस्ट्रीशीटर घोषित कर उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इन नामों में पप्पू कुरेशी, आबिद अली, साजिद, अफजाल उर्फ छोटे, सलीम उर्फ कालिया जैसे बदमाश शामिल हैं जो वर्षों से अपराध की दुनिया में सक्रिय हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बरेली पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलना सिर्फ शुरुआत है, आगे और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।