बिजली के तार चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 620 फीट तार बरामद

बरेली की भोजीपुरा पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 620 फीट विद्युत तार, पिकअप वाहन, नकदी और मोबाइल बरामद किया है।

बिजली के तार चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 620 फीट तार बरामद
HIGHLIGHTS:

भोजीपुरा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

620 फीट चोरी का बिजली का तार, पिकअप, नकदी और मोबाइल बरामद।

आरोपियों से पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी।

जन माध्यम
बरेली।
थाना भोजीपुरा पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 620 फीट चोरी का विद्युत तार, एक छोटा हाथी (पिकअप) वाहन, 9,700 रुपये नकद तथा एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चोरी किए गए तारों को बेचने के लिए हल्द्वानी ले जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि दोहना टोल की ओर से एक पिकअप वाहन में चोरी का विद्युत तार लेकर दो व्यक्ति हल्द्वानी की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना भोजीपुरा पुलिस ने नैनीताल हाईवे स्थित अटापट्टी जनूबी मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया। सुबह करीब 3:45 बजे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से चोरी का विद्युत तार, नकदी, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप बरामद होने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद आसिफ उर्फ आशू और मोहम्मद जुनैद निवासी कानूनगायन कस्सावन, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने विभिन्न स्थानों से बिजली के तार चोरी करने की बात स्वीकार की। उनका कहना था कि चोरी किए गए कुछ तार पहले ही बेचे जा चुके हैं, जबकि शेष तार हल्द्वानी ले जाकर बेचने की तैयारी थी।

थाना भोजीपुरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।