बीडीए की बड़ी कार्रवाई: इन अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर
- BDA की प्रवर्तन टीम ने की कार्रवाई
बरेली। बिना नक्शा पास कराए बसाई जा रही अवैध कॉलोनियों पर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कड़ी में शनिवार को अहलादपुर गांव में खेत की जमीन पर बसाई जा रही कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया गया। बीडीए अधिकारियों को जैसे ही इस अवैध निर्माण की जानकारी मिली, उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिया।
थाना इज्जतनगर सीमा क्षेत्र के बड़ा बाईपास के पास स्थित अहलादपुर गांव में सियाराम कॉलोनाइजर द्वारा शिवनगर कॉलोनी के नाम से 7,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि बिना स्वीकृति के सड़कों का निर्माण, विद्युत पोल लगाना और भूखंडों का चिन्हांकन किया जा रहा था। इस पर उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई का नेतृत्व बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने किया। उनके निर्देश पर संयुक्त सचिव दीपक कुमार, एक्सईएन योगेंद्र कुमार, जेई अजीत साहनी, सीताराम, बौद्धमणि गौतम और रमन अग्रवाल की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया। बीडीए अधिकारियों का कहना है कि अवैध कॉलोनियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माणों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा बीडीए ने शहर में अवैध रूप से बसाई जा रही कई कॉलोनियों की सूची तैयार कर ली है। इनमें मिनी बाईपास आनंद विहार कॉलोनी के पीछे, किला नदी क्षेत्र, सीबीगंज थाना क्षेत्र में हिन्दुस्तान धर्मकांटे के पास, रहपुरा चौधरी, बदायूं रोड और पीलीभीत बाईपास के पास अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्य की जानकारी मिली है। बीडीए अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी कॉलोनाइजर बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग करता है। तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे कोई भी प्लॉट या मकान खरीदने से पहले बीडीए से उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें।