चलती ट्रेन से गिरा युवक, घायल

बरेली कैंट स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर युवक घायल हो गया। आरपीएफ ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।

चलती ट्रेन से गिरा युवक, घायल
HIGHLIGHTS:

बरेली कैंट स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर युवक घायल।

आरपीएफ के हेड कांस्टेबल भुवन सिंह ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

युवक के मुताबिक नींद आने के कारण ट्रेन के गेट से गिर गया।

जन माध्यम
बरेली।
बरेली कैंट स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा और घायल को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।

घायल की पहचान सुमित यादव पुत्र अवनीश यादव निवासी गांव सिसईया खुर्द, थाना दातागंज, जिला बदायूं के रूप में हुई है। सुमित ने बताया कि बुधवार को वह अपनी पत्नी पूनम यादव को उसके मायके दिल्ली पहुंचाने गया था। रात में दिल्ली से ट्रेन से वापस लौटते समय वह ट्रेन में सो गया और लखनऊ पहुंच गया।

इसके बाद लखनऊ से दूसरी ट्रेन से बरेली के लिए रवाना हुआ। सुमित के मुताबिक वह ट्रेन के गेट के पास बैठा था। बरेली कैंट स्टेशन के पास उसे नींद आ गई और इसी दौरान वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।

घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल भुवन सिंह ने घायल सुमित यादव को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

फिलहाल युवक की हालत के संबंध में चिकित्सकों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में आरपीएफ द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।