बरेली: बारिश के बाद नारा फरीदापुर में भीषण जलभराव, पीडब्ल्यूडी सड़क बनी 'तालाब', प्रधान ने विरोध को ठहराया जिम्मेदार

बरेली के ग्राम पंचायत नारा फरीदापुर के गौटिया में बारिश के बाद मुख्य मार्ग पर गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से नाला निर्माण कराने की मांग की है।

HIGHLIGHTS:

नारा फरीदापुर के गौटिया में बारिश के बाद पीडब्ल्यूडी सड़क पर हुआ भारी जलभराव।

कीचड़ और फिसलन के चलते ग्रामीणों को निकलने में हो रही भारी परेशानी।

दीनानाथ कश्यप। जन माध्यम

बरेली। ग्राम पंचायत नारा फरीदापुर के गौटिया में रविवार की बारिश के बाद मुख्य मार्ग पर गंभीर जलभराव हो गया है, जिससे ग्रामीणों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाने से कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई है, जिसके चलते राहगीर और स्थानीय लोग आए दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि हर बार बारिश के बाद गांव में यही स्थिति बनती है। प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।

इस मामले में ग्राम प्रधान राकेश राजपूत ने बताया कि जिस सड़क पर जलभराव हो रहा है, वह पीडब्ल्यूडी (PWD) की सड़क है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्थानीय विधायक को पत्र भेजा गया है और सड़क की पैमाइश भी पूरी हो चुकी है। प्रधान के अनुसार, उन्होंने अपनी निधि से सड़क किनारे नाला बनवाने का प्रयास किया था, लेकिन कुछ ग्रामीणों के विरोध के कारण कार्य बीच में ही रुक गया।

उन्होंने आगे बताया कि ग्रामीणों की मांग है कि सड़क के दोनों ओर सटाकर नाला बनाया जाए, जबकि तकनीकी रूप से केवल एक तरफ ही नाला निर्माण संभव है। यदि ग्रामीण अपना विरोध समाप्त कर दें, तो नाला निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करा दिया जाएगा।

वहीं, मामले को लेकर जेई पूजा वर्मा ने बताया कि जलभराव की समस्या की जांच के लिए मेट को मौके पर भेजा जा रहा है। स्थिति का निरीक्षण कराने के बाद आगे की जरूरी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान कराया जाए।